
भारतीय हॉकी के दिग्गज फॉरवर्ड ललित कुमार उपाध्याय ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। हॉकी इंडिया ने सोमवार को ललित के शानदार करियर के लिए उन्हें बधाई दी। ललित ने 2014 से 2025 तक लंबे समय तक भारत का प्रतिनिधित्व किया।
वाराणसी के रहने वाले ललित ने FIH प्रो लीग 2024 25 के यूरोपीय दौरे के बाद सोशल मीडिया के जरिए यह घोषणा की। हालांकि उन्होंने इस दौरे में चार मैच खेले, लेकिन भारतीय जर्सी में उनका आखिरी मैच 15 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ था।
ललित ने सीनियर टीम के लिए कुल 183 मैच खेले और 67 गोल किए। अपने करियर में वह भारतीय टीम के भरोसेमंद फॉरवर्ड के तौर पर उभरे जिनकी बहुमुखी प्रतिभा, मैदानी समझदारी और दबाव में शांत रहने की क्षमता हमेशा सराही गई।
2014 हॉकी वर्ल्ड कप में डेब्यू से लेकर दो ओलंपिक पोडियम तक का उनका सफर आधुनिक भारतीय हॉकी के सुनहरे पलों की गाथा कहता है।
टोक्यो 2020 ओलंपिक में उन्होंने भारत को ब्रॉन्ज मेडल दिलाने में अहम भूमिका निभाई और पेरिस 2024 में भी इस कारनामे को दोहराया। इससे उनकी बड़े मैचों में खेलने की क्षमता साबित हुई।
ओलंपिक के अलावा ललित 2016 एशियन चैंपियंस ट्रॉफी, 2017 एशिया कप जहां उन्होंने चार गोल किए और कई अन्य टूर्नामेंट्स में टीम की सफलता के मुख्य स्तंभ रहे। उनके नाम कई पदक हैं जिनमें 2017 ओडिशा मेन्स हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल में ब्रॉन्ज, 2018 FIH मेन्स चैंपियंस ट्रॉफी में सिल्वर, 2018 एशियाई खेलों में ब्रॉन्ज और 2018 मेन्स एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में गोल्ड शामिल है। वह 2021 22 FIH प्रो लीग में तीसरे स्थान पर रही टीम और 2022 हांग्जौ एशियाई खेलों में गोल्ड जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे।
भारतीय हॉकी में योगदान के लिए ललित को 2021 में अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने ललित के योगदान पर कहा, “ललित अपनी पीढ़ी के सबसे समर्पित और प्रतिभाशाली फॉरवर्ड में से एक रहे हैं। चाहे ओलंपिक का महत्वपूर्ण मैच हो या लीग गेम, उन्होंने हमेशा भारतीय जर्सी का सम्मान बढ़ाया। वाराणसी की गलियों से निकलकर दो बार ओलंपिक पोडियम तक पहुंचना उनकी प्रेरणादायक यात्रा है।”
हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, “ललित मैदान के बाहर विनम्र और मैदान पर निडर रहे। उनकी क्षमता, कौशल और बड़े मैचों में प्रदर्शन ने उन्हें टीम का महत्वपूर्ण स्तंभ बना दिया। वह हमेशा टीम को उर्जा और सकारात्मकता देते रहे।”