
किसानों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। केंद्र सरकार जल्द ही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त जारी करने वाली है। इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है, जो तीन समान किस्तों में बांटी जाती है।
हर किस्त में 2,000 रुपये किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाते हैं। अब तक 19 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। पिछली 19वीं किस्त 24 फरवरी 2025 को जारी की गई थी, जिससे 9.8 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ हुआ था।
सूत्रों के अनुसार 20वीं किस्त 18 या 19 जुलाई 2025 को किसानों के खातों में जमा की जा सकती है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। संभावना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 18 जुलाई को बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) दौरे के दौरान इस राशि को जारी कर सकते हैं।
समय पर पैसा पाने के लिए किसानों को अपना eKYC पूरा करना होगा। सरकार ने स्पष्ट कहा है कि बिना eKYC के किस्त नहीं मिलेगी। eKYC ऑफिशियल वेबसाइट पर OTP के जरिए या फिर नजदीकी CSC सेंटर पर बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन से पूरा किया जा सकता है।
किसानों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि उनका आधार कार्ड बैंक खाते से लिंक हो और सभी बैंकिंग विवरण जैसे खाता नंबर, IFSC कोड सही तरीके से अपडेट हों।
पीएम किसान योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को pmkisan.gov.in पर जाकर बेनिफिशियरी लिस्ट में अपना नाम चेक करना चाहिए। साथ ही, अब सरकार ने फार्मर रजिस्ट्री को अनिवार्य बना दिया है। किसान इसे अपने राज्य पोर्टल, CSC सेंटर या फार्मर रजिस्ट्री ऐप के जरिए पूरा कर सकते हैं।
केवल वही किसान जिनके रिकॉर्ड अपडेटेड होंगे और सभी विवरण वेरिफाइड होंगे, उन्हें 20वीं किस्त बिना किसी परेशानी के मिल पाएगी।
यह योजना छोटे और सीमांत किसानों के लिए एक अहम वित्तीय सहारा बन गई है, जो उन्हें कृषि और घरेलू खर्चों को प्रबंधित करने में मदद करती है।