
मुंबई, 23 जुलाई: SA20 के छह फ्रेंचाइज़ीज ने सीजन 4 के लिए रिटेन और प्री-साइन्ड खिलाड़ियों की सूची जारी कर दी है। ऑक्शन 9 सितंबर को होना है और इससे पहले टीमों को अधिकतम छह खिलाड़ियों को रखने की अनुमति थी। इनमें तीन दक्षिण अफ़्रीकी और तीन विदेशी खिलाड़ी शामिल हो सकते थे। प्लेयर रिटेंशन विंडो 18 जुलाई को बंद हुई।
साथ ही टीमों ने अपने छह वाइल्डकार्ड साइनिंग्स भी पूरे कर लिए हैं। अब सभी का ध्यान ऑक्शन पर है जहां 7.4 मिलियन डॉलर की कुल रकम के साथ 84 स्लॉट्स भरे जाएंगे। सीजन 4 के लिए वाइल्डकार्ड खिलाड़ी वह हो सकता है जो पिछले सीजन में उसी टीम का हिस्सा था।
डरबन सुपर जायंट्स ने वेस्ट इंडीज के स्टार सनील नराइन, इंग्लैंड के जॉस बटलर और अफ़ग़ानिस्तान के नूर अहमद को चुनकर अपनी टीम मज़बूत की है। साथ ही उन्होंने हेनरिक क्लासन को वाइल्डकार्ड के रूप में रखा है। टीम के पास ऑक्शन में खर्च करने के लिए 1.7 मिलियन डॉलर का बजट है।
जोहान्सबर्ग सुपर किंग्स ने कप्तान फ़ाफ़ डु प्लेसी को रिटेन किया है और इंग्लैंड के जेम्स विंस और रिचर्ड ग्लीसन को टीम में शामिल किया है। उनके पास ऑक्शन में 1.2 मिलियन डॉलर खर्च करने का बजट है।
डिफेंडिंग चैंपियन MI केप टाउन ने छह खिलाड़ियों को रखने का फ़ायदा उठाया है और वेस्ट इंडीज के निकोलस पूरान को वाइल्डकार्ड के रूप में जोड़ा है।
पार्ल रॉयल्स ने युवा प्रतिभा लुआं-ड्रे प्रिटोरियस को रखा है, जो पिछले सीजन के बेस्ट बैटर थे। उन्होंने ज़िम्बाब्वे के टी20 कप्तान सिकंदर रज़ा को भी साइन किया है, जो SA20 में खेलने वाले पहले ज़िम्बाब्वे के खिलाड़ी हैं।
प्रिटोरिया कैपिटल्स ने ज़्यादातर खर्च ऑक्शन के लिए बचाकर रखा है। उनके पास 1.8 मिलियन डॉलर का सबसे बड़ा बजट है और उन्हें 16 खिलाड़ियों की ज़रूरत है। उन्होंने वेस्ट इंडीज के आंद्रे रसेल को वाइल्डकार्ड प्लेयर बनाया है।
ऑक्शन में उपलब्ध कुछ बड़े नामों में दक्षिण अफ़्रीका के एडेन मार्करम, लुंगी एनजीडी, क्विंटन डी कॉक और अनरिच नोर्ट्जे शामिल हैं। युवा प्रतिभाओं में देवाल्ड ब्रेविस और क्वेना माफाका भी उपलब्ध हैं।
SA20 लीग कमिश्नर ग्रैम स्मिथ ने कहा, “हमने पहले सीजन से ही इस रणनीतिक रीसेट की योजना बनाई थी। अब हमारे पास एक संतुलित टीम है और ऑक्शन के लिए पर्याप्त बजट भी।”
उन्होंने आगे कहा, “तीन सीज़न के बाद फ्रेंचाइज़ीज ने दक्षिण अफ़्रीकी क्रिकेट इकोसिस्टम को अच्छे से समझ लिया है और अब यह ऑक्शन अब तक का सबसे रोमांचक होगा।”